सावन माह के दूसरे सोमवार को ब्रम्हचारी कुटी निरंजनी अखाड़ा में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया
शब्दवाणी समाचार, बुधवार 4 अगस्त 2021, गौतम बुध नगर। पवित्र सावन माह के दूसरे सोमवार को सेक्टर 82 स्थित ब्रम्हचारी कुटी निरंजनी अखाड़ा में देर रात भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। महंत ओम भारती महाराज के सानिध्य में पंडित मनोहर शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया गया। महामारी के खात्मे,सुख शांति एवं मनोकामना पूर्ण करने के लिए भगवान शिव का दुग्ध धारा से रुद्राभिषेक कराया गया। इससे पहले भगवान शिव एवं शिव परिवार का विधिवत पूजन कराया गया। भगवान भोलेनाथ का इस अवसर पर श्रृंगार किया गया। रुद्राभिषेक के बाद आरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि शिव परम् कल्याणकारी हैं। भगवान शिव की आराधना दुख, दरिद्रता एवं पापों का नाश करने वाली है वहीं धन, धान्य, सुख एवं मोक्ष को प्रदान करने वाली है। भगवान शिव की भक्ति सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह कर नकारात्मक ऊर्जा का शमन करती है। भगवान भोलेनाथ सब पर अपनी कृपा बनाये रखें। पूजा अवसर पर पिंटू यादव, अशोक कुमार, संतोष कुमार,शिवव्रत तिवारी, सुशील पाल, सहित तमाम भक्त मौजूद रहे।
Comments