राष्ट्रीय सर्वांगीण विकास पार्टी जुटी लोकसभा चुनाव मिशन-2024 की तैयारियों में

शब्दवाणी समाचार, बुधवार 12 अप्रैल 2023, सम्पादकीय व्हाट्सप्प 8803818844, नई दिल्ली। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर राष्ट्रीय सर्वांगीण विकास पार्टी ने "मिशन-2024" को लक्ष्य बनाकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने दिल्ली के उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र को 'मॉडल क्षेत्र' मानकर प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। इस निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र कुमार राजपूत मजबूती से दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसे देखते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों और 41 वार्ड में पार्टी की ओर से प्रचार प्रसार का कार्य चल रहा है। इस बारे में 'राष्ट्रीय सर्वांगीण विकास पार्टी' के अध्यक्ष महेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र विकास के हर पैमाने पर दिल्ली का सबसे पिछड़ा हुआ क्षेत्र है। पूरी दिल्ली में अगर देखें तो सबसे ज्यादा अव्यवस्था, जन सुविधाओं का अभाव और समस्याओं का अंबार उत्तर पूर्वी दिल्ली में ही दिखाई पड़ता है। जहां-तहां टूटी फूटी सड़कें, कूड़े के ढेर और गलियों में गंदगी बिखरी दिखाई पड़ती है। हर बार यहां से बड़ी पार्टियों के नेता चुनाव जीतकर संसद में पहुंच जाते हैं और यहां की जनता से मुंह फेर लेते हैं। इसीलिए इस बार उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता ने मन बनाया है कि इस बार अपने बीच से अपना उम्मीदवार चुनकर संसद में भेजेगी। जो वास्तव में उत्तर पूर्वी दिल्ली की समस्याओं को समझता हो और इस क्षेत्र को अपना मानता हो।

राजपूत ने बताया कि मैं पिछले 40 वर्षों से इसी क्षेत्र में निवास कर रहा हूं और इस पूरे क्षेत्र को भलीभांति समझता हूं। यहां के लोगों के साथ मेरा गहरा जुड़ाव है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोग लंबे समय से अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं क्योंकि अब तक हमने जिसे भी चुनाव जीता कर इस क्षेत्र के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी, उसी ने हमारी उपेक्षा की और हमारे भरोसे के साथ धोखा किया। हर पार्टी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता को सिर्फ छलने और धोखा देने का काम किया है। इसीलिए हमने ये संकल्प लिया है कि हम उत्तर पूर्वी दिल्ली को नई दिल्ली की तर्ज पर विकास के लिए एकजुट करेंगे और जनता के आर्शीवाद से मजबूती से चुनाव लडेंगे। हम न केवल लोकसभा बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव-2025 में भी सभी 10 विधानसभा सीटों पर क्षेत्र से जुड़े प्रमुख चेहरों को अपना प्रत्याशी बनाएंगे। इसके साथ ही एम. के. राजपूत ने यह भी बताया कि 'राष्ट्रीय सर्वांगीण विकास पार्टी' सदैव ही देश में वैज्ञानिक और शोध आधारित शिक्षा को सर्वसुलभ बनाकर विकास की गति को बल देने में विश्वास रखती है। हमारी पार्टी समाज व देश के सामूहिक सशक्तिकरण व विकास हेतु आर्थिक आजादी की पक्षधर है। हम चाहते हैं कि देश में रोजगार गारंटी हो अन्यथा प्रतिमाह भत्ते की व्यवस्था की जाए। उच्चतम निशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा की संपूर्ण गारंटी हो। इसीलिए हमारा नारा है कि- "अगर चाहते हो परिवर्तन तो आर.एस.वी.पी. को करो समर्थन"। इस बार का चुनाव सभी राजनीतिक दलों की मनमर्जी और उत्तरपूर्वी दिल्ली की जनता से वादाखिलाफी के विरोध में जनता का चुनाव होगा। इस बार का चुनाव, उत्तर-पूर्वी दिल्ली को 'सर्वांगीण विकास' की दिशा में ले जानें वाला निर्णायक चुनाव होगा।

Comments

Popular posts from this blog

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ गोविंद जी द्वारा हार्ट एवं कैंसर हॉस्पिटल का शिलान्यास होगा

22 वें ऑल इंडिया होम्योपैथिक कांग्रेस का हुआ आयोजन

सेंट पीटर्स कॉन्वेंट विद्यालय ने अपना वार्षिकोत्सव मनाया